उत्तराखंड : जंगलों में रुक नहीं रहा आग का तांडव, वन विभाग ने बुझाने में लगाई ताकत >>>>>>>>> राज्यपाल ने राजभवन परिसर में पुलिस के प्रवेश पर लगाई रोक, वित्त मंत्री चंद्रिमा पर भी लगा 'प्रतिबंध' >>>>>>>>> माध्यमिक परीक्षा में जिलों ने मारी बाजी, कूचबिहार का चंद्रचूड़ टॉपर >>>>>>>>> टीएमसी ने कुणाल घोष लिया एक्शन, महासचिव पद से हटाया
Dainik Vishwamitra

शुक्रवार १० मई २०२४

पहले चरण में 1 बजे तक 35% मतदान




लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर गुरूवार दोपहर एक बजे तक करीब 35.03 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान शामली में सबसे ज्यादा 41.16 फीसदी और गौतमबुद्धनगर में सबसे कम 30.53 फीसदी लोगों ने लोकतंत्र के पावन पर्व पर अपने मौलिक अधिकार का निर्वहन किया।
मतदान निर्धारित समय सुबह सात बजे शुरू हुआ। कई स्थानो पर बर्फीली हवाओं और घने कोहरे के चलते शुरूआत में मतदान की रफ्तार बेहद सुस्त रही हालांकि दस बजे तक अधिसंख्य मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गयी। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।
दोपहर एक बजे तक आगरा में 36.93,अलीगढ़ में 32.07,बागपत में 38.01,बुलंदशहर में 37.03, गौतमबुद्धनगर में 30.53, गाजियाबाद में 33.40, हापुड़ में 39.97, मथुरा में 36.26, मेरठ में 34.51, मुजफ्फरनगर में 35.73 और शामली में 41.16 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मतदान को लेकर महिलाओं और युवाओं में खास तौर पर उत्साह देखा गया। पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं के बीच मतदान के बाद सेल्फी का क्रेज सिर चढ़ कर बोला। मतदान के दौरान सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये गये है। बुजुर्गो और दिव्यांगाें की सुविधा के लिये पोलिंग बूथ पर खास इंतजाम किये गये हैं। इस दौरान मतदान केन्द्रों पर सेनीटाइजर और मास्क का अक्षरश: पालन किया जा रहा है। राज्य में मतदान वाले जिलों में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नही हैं।
केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने मुजफ्फरनगर के गांव कुटबी में अपने मताधिकार का प्रयोग किया वहीं मथुरा में श्रीकांत शर्मा और लक्ष्मी नारायण चौधरी ने पूजा अर्चना के बाद अपना वोट डाला।
मेरठ जिले की कैंट विधानसभा क्षेत्र स्थित दायमपुर गांव में मतदान का बहिष्कार करने के लिये पोस्टर लगाये गये और पांच हजार से ज्यादा मतदाताओं ने वोट डालने से इंकार किया हालांकि जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच कर मतदाताओं को मनाते रहे। किठौर विधानसभा सीट क्षेत्र में भाजपा और सपा रालोद गठबंधन के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें होने के सूचना हैं। जिला प्रशासन ने वहां स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है।
मथुरा के जिलाधिकारी नवनीत सिह चहल ने बताया कि मतदान निर्विघ्न जारी है और कहीं से किसी अप्रिय घटना का समाचार नही है। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चैधरी ने माता सांचैली देवी के दर्शन करने के बाद आज अपने गांव सांचैली में मतदान किया। इसी प्रकार कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने दानघाटी मन्दिर गोवर्धन में गिर्राज जी का पंचामृत अभिषेककर अपने गांव गांठौली में मतदान किया। कांग्रेस विधान मंडल दल के पूर्व नेता प्रदीप माथुर ने आज सुबह सबसे पहले भूतेश्वर महादेव के दर्शन एवं पूजन किया और उसके बाद सरलादेवी स्कूल पोलिंग बूथ पर अपना मतदान किया ।
आगरा के एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में पोलिंग बूथ का वीडियो बनाये जाने पर जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने एक पोलिंग एजेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिये। सुबह एत्मादपुर में मतदान करने का वीडियो वायरल किया गया था। बूथ पर बने एजेंट ने गोपनीयता भंग की थी। वीडियो वायरल होते ही डीएम मौके पर पहुंच गए और उन्होंने अधीनस्थाें को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिये।
पहले चरण के चुनाव में योगी सरकार के नौ मंत्री भी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें श्रीकांत शर्मा (मथुरा), अतुल गर्ग (गाजियाबाद), सुरेश राणा (थाना भवन), कपिल देव अग्रवाल (मुजफ्फरनगर), संदीप सिंह (अतरौली), चौधरी लक्ष्मी नारायण (छाता), अनिल शर्मा (शिकारपुर), जीएस धर्मेश (आगरा कैण्ट) और दिनेश खटीक (हस्तिनापुर) शामिल हैं।
मतदान वाली 58 सीटों में से 53 सीटें भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव में जीती थीं जबकि सपा बसपा ने 2-2 और रालोद ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा की मजबूत किलेबंदी को तोड़ने के लिये इस बार सपा और रालोद ने चुनावी गठबंधन किया है। इस गठबंधन की सफलता को भी पहले चरण के चुनाव में ही परखा जायेगा।
लगभग तीन दर्जन सीटों पर भाजपा और सपा-रालोद गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं, दर्जन भर से अधिक सीटों पर भाजपा, सपा और बसपा के उम्मीदवार मजबूत होने के कारण त्रिकोणीय मुकाबला है। चुनाव प्रचार के अब तक के रुझान को देखते हुए इस बात के कयास लगाये जा रहे हैं कि भाजपा को सपा-रालोद गठबंधन की चुनौती मिलने के कारण इस इलाके में पिछले चुनाव का परिणाम दोहराना आसान नहीं होगा। भाजपा ने हालांकि अपने 19 विधायकों का टिकट काट कर नये चेहरों पर दांव लगाया है। साथ ही बसपा से भाजपा में आये तीन नेताओं को भी चुनाव मैदान में उतारा है।


भारत