उत्तराखंड : जंगलों में रुक नहीं रहा आग का तांडव, वन विभाग ने बुझाने में लगाई ताकत >>>>>>>>> राज्यपाल ने राजभवन परिसर में पुलिस के प्रवेश पर लगाई रोक, वित्त मंत्री चंद्रिमा पर भी लगा 'प्रतिबंध' >>>>>>>>> माध्यमिक परीक्षा में जिलों ने मारी बाजी, कूचबिहार का चंद्रचूड़ टॉपर >>>>>>>>> टीएमसी ने कुणाल घोष लिया एक्शन, महासचिव पद से हटाया
Dainik Vishwamitra

शुक्रवार १० मई २०२४

असम-मिजोरम सीमा विवाद: असम पुलिस के छह जवान शहीद



गुवाहाटी। असम-मिजोरम सीमा विवाद ने सोमवार को उस समय खूनी मोड़ ले लिया, जब मिजोरम पुलिस और असम पुलिस के बीच हुई गोलीबारी में असम पुलिस के छह जवान शहीद हो गये।
दोनों राज्यों की सरकारें हालांकि एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगा रही हैं तथा उनके मुख्यमंत्रियों ने विवाद को सुलझाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शाम को बताया कि असम और मिजोरम की सीमा बीच स्थित अशांत लैलापुर इलाके में हुई गोलीबारी में छह पुलिसकर्मी शहीद हो गये हैं।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मुझे यह सूचित करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि असम पुलिस के छह बहादुर जवानों ने असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”
रिपोर्टों के अनुसार, झड़पों में कछार के पुलिस अधीक्षक सहित 20 अधिकारी और नागरिक घायल हुए हैं और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गये।इस बीच, मिजोरम सरकार ने एक बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है कि असम पुलिस के महानिरीक्षक के नेतृत्व में असम सशस्त्र पुलिस के लगभग 200 जवान कछार जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और मंडलीय वन अधिकारी के साथ 26 जुलाई को पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे मिजोरम के वैरेंगटे शहर के ऑटो-रिक्शा स्टैंड पर पहुंचे।
उन्होंने वहां तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों द्वारा तैनात ड्यूटी पोस्ट को जबरन पार किया और मिजोरम पुलिस कर्मियों के 1 सेक्शन द्वारा संचालित एक ड्यूटी पोस्ट पर हमला कर दिया। असम पुलिस ने वैरेंगटे और लैलापुर क्षेत्रों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा कर रहे कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
बयान में कहा गया कि असम पुलिस द्वारा की गई आगजनी की जानकारी मिलने के बाद कोलासिब जिले के वैरेंगटे शहर के निवासी पूछताछ के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। इन निहत्थे नागरिकों पर असम पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे जिससे कई नागरिक घायल हो गये।
दोनों पक्षों के बीच संघर्ष जारी रहा और मिजोरम पुलिस पर आंसू गैस के गोले दागे गयेऔर ग्रेनेड फेंके गये। उसके बाद लगभग 04:50 बजे असम की ओर से गोलीबारी की गई।
बयान के मुताबिक कोलासिब जिले के पुलिस अधीक्षक के सीआरपीएफ ड्यूटी कैंप के अंदर असम पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत करने के दौरान ही मिजोरम पुलिस ने असम पुलिस पर अचानक जवाबी गोलीबारी की।


भारत