उत्तराखंड : जंगलों में रुक नहीं रहा आग का तांडव, वन विभाग ने बुझाने में लगाई ताकत >>>>>>>>> राज्यपाल ने राजभवन परिसर में पुलिस के प्रवेश पर लगाई रोक, वित्त मंत्री चंद्रिमा पर भी लगा 'प्रतिबंध' >>>>>>>>> माध्यमिक परीक्षा में जिलों ने मारी बाजी, कूचबिहार का चंद्रचूड़ टॉपर >>>>>>>>> टीएमसी ने कुणाल घोष लिया एक्शन, महासचिव पद से हटाया
Dainik Vishwamitra

शुक्रवार १० मई २०२४

चौधरी अजीत सिंह का कोरोना से निधन, मोदी एवं अन्य राजनीतिक हस्तियों ने जयाता शोक


 


 नयी दिल्ली। राष्ट्रीय लोक दल के संस्थापक अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का कोरोना संक्रमण के कारण बृहस्पति वार सुबह निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। चौधरी अजित सिंह के पुत्र और पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने एक ट्वीट में यह जानकारी दी।
चौधरी अजीत सिंह कोरोना संक्रमण से पीड़ित थे। उन्हें 20 अप्रैल को हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह हरियाणा में गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में थे। उन्हें फेफड़ों का संक्रमण था ।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पुत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख नेता माने जाने वाले चौधरी अजीत सिंह किसानों की आवाज माने जाते थे। उनका जन्म 12 फरवरी 1939 को हुआ था।
चौधरी अजीत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई , डॉ मनमोहन सिंह, और पी वी नरसिंह राव की सरकारों में केंद्रीय मंत्री रहे। उन्होंने कृषि और नागरिक उड्डयन जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का प्रभार संभाला। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बागपत संसदीय सीट से लोकसभा के लिए चुने जाते थे।
प्रधानमंत्री ने गुरूवार को एक ट्वीट संदेश में दिवंगत नेता के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने किसानों के कल्याण के लिये चौधरी अजित सिंह के समर्पण और केंद्र सरकार में विभिन्न मंत्रालयों में उनके कुशल कामकाज को याद किया। साथ ही उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
श्री मोदी ने कहा , “ पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!”
चौधरी अजित सिंह का कोरोना संक्रमण के कारण गुरूवार सुबह निधन हो गया।
 उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने  यहां जारी एक संदेश में कहा कि चौधरी अजित सिंह के कृषि और किसानों की उन्नति में योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
 केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह के निधन पर शोक जताया है।
डॉ निशंक ने अपने शोक संदेश में कहा , “ राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष, किसान एवं मजदूर वर्ग के हितेषी पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह जी के निधन से स्तब्ध हूं। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे सदैव जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध रहे। मैं भगवान बद्री केदार जी से पुण्य आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस असह्य दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु प्रार्थना करता हूं।
 कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राष्ट्रीय लोकदल के नेता चौधरी अजीत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों और उनके समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। श्री गांधी ने ट्वीट किया, “ राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख अजित सिंह जी के असमय निधन का समाचार दुखद है। उनके परिवार व प्रियजनों को मेरी संवेदनाएं।”
श्रीमती वाड्रा ने कहा , “ लोकप्रिय नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसान हितैषी नेता चौधरी अजीत सिंह जी के निधन की दुखद खबर मिली। चौधरी साहब के निधन से समाज एवं राजनीति को अपूर्णीय क्षति हुई है। जयंत और आरएलडी साथियों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर चौधरी साहब को श्रीचरणों में स्थान दें।”


भारत