नई दिल्ली, 16 नवंबर। समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस में मंथन तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में सोमवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक की।

बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम तथा प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। चर्चा का केंद्र चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती, सीटों पर पार्टी की दावेदारी और चुनावी मुद्दे रहे।
सीट बंटवारे पर सहमति की कवायद
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सपा के साथ प्रस्तावित गठबंधन और सीट बंटवारे के फार्मूले पर विस्तार से विचार किया गया। दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या पर सहमति बनाने के प्रयास जारी हैं। इस संबंध में जल्द ही पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता की ओर से मीडिया को अनौपचारिक जानकारी दी जा सकती है।
खरगे बोले, जनता परिवर्तन की ओर देख रही है
बैठक की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए खरगे ने लिखा, "आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है।"
उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस 'इंडिया' गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी।
