नई दिल्ली, 27 नवंबर: संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शुक्रवार शाम कांग्रेस संसदीय रणनीतिक समूह की विशेष बैठक बुलाई है, जो कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर होगी। बैठक में विशेष सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति और सरकार को घेरने के मुद्दों पर चर्चा होगी।   

500px-Sonia_Gandhi_in_2013

बैठक में इंडिया गठबंधन की प्रस्तावित बैठक पर भी विचार होगा। चर्चा इस बात पर होगी कि विपक्षी गठबंधन की बैठक सत्र से पहले कब बुलाई जाए, ताकि साझा रणनीति तैयार हो सके।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को 29 नवंबर को सुबह 10 बजे तक दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए हैं। पार्टी नेतृत्व ने सांसदों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।

इस बीच कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने महिला आरक्षण और परिसीमन पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा की मौजूदा कुल सीटों की संख्या और राज्यों के बीच सीटों के वर्तमान अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखने के पक्ष में है। साथ ही पार्टी की मांग है कि 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू हो और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षण के भीतर आरक्षण दिया जाए।

केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी।