मुंबई, 25 नवंबर: विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की लगातार खरीदारी के दम पर बुधवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 65 पैसे मजबूत होकर 92.20 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिन भारतीय मुद्रा 23 पैसे टूटकर 92.85 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।

रुपये की इस तेजी की सबसे बड़ी वजह नवंबर में भारतीय पूंजी बाजार में एफपीआई का भारी निवेश है। बुधवार को भी उन्होंने 1.06 अरब डॉलर का शुद्ध निवेश किया, जिससे इस महीने अब तक उनका कुल शुद्ध निवेश 14.98 अरब डॉलर पहुंच गया है। शुद्ध निवेश से आशय बाजार में लगाई गई और निकाली गई पूंजी के अंतर से है।

रुपया 20 पैसे की मजबूती के साथ खुला और पूरे दिन बढ़त में रहा। कारोबार के दौरान यह 92.78 रुपये प्रति डॉलर के निचले और 92.16 रुपये प्रति डॉलर के ऊपरी स्तर तक गया।

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझानों ने रुपये की बढ़त पर कुछ अंकुश लगाया। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 1.5 प्रतिशत चढ़कर 92.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक 0.2 प्रतिशत मजबूत हुआ।