धनबाद, 13 नवंबर: रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने रेल टिकटों की कालाबाजारी के आरोप में मुंबई के एक युवक को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 1,74,630 रुपये के टिकट जब्त किए हैं।

गुप्त सूचना पर सीआईबी धनबाद और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गोमो की संयुक्त टीम ने स्थानीय मधुबन थाना पुलिस के साथ गिरिडीह के मधुबन स्थित सिद्धायतन चैरिटेबल स्पिरिचुअल होम धर्मशाला में छापा मारा। कमरा नंबर 226 की तलाशी में कालाबाजारी का मामला सामने आया।
टीम ने मुंबई के मालाड पश्चिम निवासी भाविक जसवंत राय सूचक (33) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 31 अग्रिम रेल टिकट मिले, जो पिछले तीन दिनों में मधुबन रेलवे काउंटर से कटवाए गए थे। इन टिकटों पर 117 यात्रियों की यात्रा होनी थी।
आरपीएफ अधिकारियों ने शुक्रवार को मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह जरूरतमंद यात्रियों को टिकट दिलाने के नाम पर हर टिकट पर 2,000 से 3,000 रुपये अतिरिक्त वसूलता था।
टीम ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और 6,900 रुपये नकद भी बरामद किए। सीआईबी धनबाद के सहायक उपनिरीक्षक शशिकांत तिवारी ने गवाहों के सामने जब्ती सूची बनाकर टिकट और बाकी सामान जब्त किया।
इस मामले में आरपीएफ पोस्ट गोमो में रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत कांड संख्या 789/26 (12 नवंबर 2026) दर्ज किया गया है। रेलवे एजेंसियां अब कालाबाजारी के नेटवर्क और इससे जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।
