नयी दिल्ली, 25 नवंबर: भारत ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट की एक इमारत पर मंगलवार को हुए हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।

विदेश मंत्रालय ने बुधवार को जारी वक्तव्य में कहा कि सऊदी अरब में नागरिक, आर्थिक और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाकर लगातार किए जा रहे हमले तत्काल बंद होने चाहिए। मंत्रालय के अनुसार, रियाद स्थित भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
भारत ने कहा कि ऐसे हमले आम नागरिकों की जान के लिए गंभीर खतरा हैं। ये न केवल सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को भी कमजोर करते हैं।
सऊदी अरब की जनता और सरकार के प्रति एकजुटता दोहराते हुए भारत ने उसकी संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और वहां रहने वाले नागरिकों व निवासियों की सुरक्षा के लिए पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। भारत ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।
गौरतलब है कि हाल के हफ्तों में सऊदी अरब में कई हमले हुए हैं। अक्टूबर में दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हुए थे, जिसकी भी भारत ने निंदा की थी।
