यरुशलम, 26 नवंबर: भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने यरुशलम मास्टर्स रैपिड शतरंज टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जहां उनका सामना सर्बिया के एलेक्सी सरना से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर हंस नीमन और वेस्ली सो एक-दूसरे से भिड़ेंगे।

a
Indian Grandmaster Arjun Erigaisi

बुधवार को 11 राउंड का मुख्य चरण पूरा होने के बाद अंतिम चार खिलाड़ी और उनके मुकाबले तय हो गए। एरिगैसी नौ अंकों के साथ तालिका में पहले स्थान पर रहे, हालांकि इसी दौरान उन्हें टूर्नामेंट की अपनी पहली हार नीमन के हाथों झेलनी पड़ी।

नीमन और सो बुधवार को अपने चारों मुकाबलों में अपराजित रहे। नीमन आठ अंकों के साथ दूसरे और सो सात अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। सरना ने अंतिम दिन दो जीत और दो ड्रॉ दर्ज किए, जिनमें एरिगैसी के खिलाफ ड्रॉ भी शामिल था, और सात अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे।

रैपिड शतरंज में विश्व के तीसरे नंबर के खिलाड़ी और टूर्नामेंट के शीर्ष वरीय रूस के इयान नेपोम्नियाची 6.5 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहकर बाहर हो गए।

दोनों सेमीफाइनल और फाइनल गुरुवार को खेले जाएंगे। हर मुकाबला दो गेम के रैपिड मिनी-मैच के रूप में होगा। स्कोर 1-1 रहने पर फैसला दो गेम के ब्लिट्ज़ टाईब्रेक से होगा, और उसके बाद भी बराबरी रहने पर आर्मागेडन गेम विजेता तय करेगा।