लखनऊ, 27 नवंबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के जरिए चयनित 1594 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। मंच से योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा हमला भी बोला।

by-path (11)
योगी ने बांटे 1594 नियुक्ति पत्र, बोले- 30 लाख नौकरी का हिसाब दे सपा


अखिलेश यादव के 30 लाख नौकरी देने के वादे पर योगी ने कहा, "कहां से देंगे? पहले बताएं कि चार बार सपा सरकार में कितनों को नौकरी दी? अपना अतीत बताइए। सबको पता है आपका पास्ट अच्छा नहीं था, तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं होगा।" 

उन्होंने दावा किया कि सपा-बसपा के सात कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं मिलीं, उससे दोगुनी से ज्यादा नौकरियां उनकी सरकार ने साढ़े नौ साल में दी हैं, और पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने तंज कसा कि सरकार के नियुक्ति पत्रों की गिनती "सैफई सिंडिकेट" नहीं कर पाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभी शुरुआत है। अगले हफ्ते 50 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जिनमें 8 हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और 2 हजार शिक्षा विभाग के अभ्यर्थी होंगे।

योगी ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले नौकरी का विज्ञापन आते ही "चाचा-भतीजे की जोड़ी" वसूली पर निकल पड़ती थी और परीक्षा कोई देता था, नौकरी कोई और पाता था। उन्होंने दावा किया कि 2015-16 में यूपीपीएससी का एक टॉपर हाईस्कूल, इंटर और ग्रेजुएशन में थर्ड डिवीजन था, फिर भी पीसीएस में टॉप कर एसडीएम बन गया। उनके मुताबिक, "उसने टॉप किया नहीं था, टॉप करवाया गया था।" उन्होंने कहा कि आज किसी से पैसा नहीं मांगा जाता, यही नए यूपी की पहचान है।

पुरानी पेंशन पर सपा के वादे को लेकर योगी ने पूछा कि ओपीएस की बात करने वाले बताएं कि एनपीएस किसने लागू की थी। उन्होंने कहा कि 2005 से 2017 तक खाते तक नहीं खुले और सरकार ने अंशदान भी नहीं दिया। उनके मुताबिक, उनकी सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपये डालकर खातों को ठीक किया और अंशदान 10 से बढ़ाकर 14 फीसदी किया।

गोमती रिवरफ्रंट पर उन्होंने कहा कि बजट 167 करोड़ रुपये था, लेकिन 1400 करोड़ खर्च होने के बाद भी काम अधूरा रहा। जेपीएनआईसी की डीपीआर 200 करोड़ की थी, पर 800 करोड़ खर्च कर उसे अधूरा छोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसा लूटकर विदेश में प्रॉपर्टी बनाई गई और जेल छोटे कर्मचारी गए।

योगी ने कहा कि पहले युवा कट्टा-बम बनाता था, जबकि आज यूपी का युवा ब्रह्मोस मिसाइल और आधुनिक राइफल बना रहा है। उन्होंने कहा कि एआई, ड्रोन और रोबोटिक्स जैसे कोर्स उनकी सरकार ने शुरू कराए।

अर्थव्यवस्था के बारे में उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था साढ़े 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है, प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है और बजट 9.70 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।

नए चयनित युवाओं से उन्होंने कहा कि मेरिट से कभी समझौता न करें और वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के सारथी बनें।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और प्रमुख सचिव आलोक कुमार मौजूद रहे। झांसी के श्रीकृष्ण कांत व्यास, बलिया की डिम्पल यादव, रायबरेली की ममता यादव और लखीमपुर खीरी के कपिल कुमार समेत 20 युवाओं को मंच से नियुक्ति पत्र दिए गए।