मुंबई, 23 नवंबर: घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया। अच्छी बढ़त के साथ खुलने के बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, और बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा नीचे आ गया।

सेंसेक्स 502 अंक की बढ़त के साथ 84,421.97 पर खुला और जल्द ही 743 अंक चढ़कर 84,662 तक पहुंच गया। लेकिन कुछ ही देर में बिकवाली हावी हो गई, और सूचकांक 921 अंक गिरकर 82,998 के निचले स्तर पर आ गया। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 578.59 अंक यानी 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,341.12 पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी 128 अंक की बढ़त के साथ 25,929 पर खुला, लेकिन बाद में लाल निशान में चला गया। खबर लिखे जाने तक निफ्टी 177.80 अंक यानी 0.69 प्रतिशत टूटकर 25,622.80 पर था। प्रमुख सूचकांकों के साथ व्यापक बाजार में भी कमजोरी रही।
धातु, बैंकिंग, वित्त, तेल एवं गैस और सीमेंट सेक्टर में बिकवाली से बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव रहा। रसायन, ऑटो और एफएमसीजी सूचकांक भी गिरावट में थे। दूसरी ओर, निफ्टी आईटी सवा दो प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, मीडिया, फार्मा और हेल्थकेयर सूचकांक भी हरे निशान में रहे।
सेंसेक्स की कंपनियों में सबसे बड़ी गिरावट टाटा स्टील में रही, जिसका शेयर करीब साढ़े सात प्रतिशत टूटा। एक्सिस बैंक दो प्रतिशत से ज्यादा नीचे रहा। अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एलएंडटी के शेयर एक से दो प्रतिशत तक गिरे।
बढ़त वाले शेयरों में टीसीएस करीब चार प्रतिशत, टेक महिंद्रा तीन प्रतिशत और मारुति सुजुकी दो प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस और टाइटन में भी एक से दो प्रतिशत की तेजी रही।
