कोलकाता, 19 नवंबर। चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से गुरुवार सुबह से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 

"Akvan" Cyclone Storm
"Akvan" Cyclone Storm 

आईएमडी के अनुसार चक्रवात शुक्रवार दोपहर पुरी (ओडिशा) और नरसापुर (आंध्र प्रदेश) के बीच तट से टकरा सकता है। उस समय हवा की रफ़्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों के 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँचने का अनुमान है।

उत्तर और दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, हावड़ा और बांकुड़ा में भी भारी बारिश हो सकती है, जबकि हुगली में अच्छी बारिश के आसार हैं। तटीय जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से हवाएँ चल सकती हैं।

कोलकाता के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन शनिवार तक रुक-रुक कर बारिश और तेज़ हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है।