कोलकाता, 13 नवंबर: दिल्ली पब्लिक स्कूल रूबी पार्क के छात्रों को सोमवार को अंतरिक्ष खोज की दुनिया को करीब से समझने का मौका मिला। नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर के इंजीनियर जॉर्ज गैब्रिएल ‘टू इन्फिनिटी एंड बियॉन्ड’ नाम के सत्र के लिए स्कूल पहुंचे।

‘गैब’ नाम से पहचाने जाने वाले एयरोस्पेस विशेषज्ञ गैब्रिएल कैनेडी स्पेस सेंटर में अमेरिकी स्पेस फोर्स के मिशन में डायरेक्टर इंजीनियरिंग रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि खगोल विज्ञान किस तरह बदल रहा है और भविष्य पर इसका कितना असर होगा। उन्होंने छात्रों से गहराई से सोचने और नई तकनीकों को अपनाने की बात कही।
इसके बाद पॉडकास्ट हुआ, जिसकी मेजबानी ओमदयाल ग्रुप के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की कोषाध्यक्ष नताशा अग्रवाल और कक्षा 12 के छात्र ऋषि अग्रवाल ने की। इसमें खगोल विज्ञान की संभावनाओं और नई पीढ़ी के लिए इसमें मौजूद अवसरों पर चर्चा हुई। सवाल-जवाब सत्र में छात्रों ने सवाल पूछे और गैब्रिएल ने उन्हें नासा से लाए खास उपहार और स्मृति-चिह्न दिए।

स्कूल ने भी उन्हें अपनी ओर से एक खास तोहफा दिया: एक अंतरिक्ष स्मृति-चिह्न, जिसे छात्रों ने स्कूल की 3डी लैब के 3डी प्रिंटर पर डिजाइन करके बनाया था। यह तोहफा डायरेक्टर अनुश्री घोष और प्रिंसिपल जयोति चौधरी ने भेंट किया। इससे पहले प्रिंसिपल ने उनका स्वागत किया और ओमदयाल ग्रुप के सचिव सागर अग्रवाल और नताशा अग्रवाल ने उन्हें गुलदस्ता और चांदी के फ्रेम में तस्वीर भेंट की। स्कूल के मुताबिक यह कार्यक्रम स्टेम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) शिक्षा को छात्रों के लिए आसान बनाने की उसकी बड़ी पहल का हिस्सा है।
