उत्तराखंड : जंगलों में रुक नहीं रहा आग का तांडव, वन विभाग ने बुझाने में लगाई ताकत >>>>>>>>> राज्यपाल ने राजभवन परिसर में पुलिस के प्रवेश पर लगाई रोक, वित्त मंत्री चंद्रिमा पर भी लगा 'प्रतिबंध' >>>>>>>>> माध्यमिक परीक्षा में जिलों ने मारी बाजी, कूचबिहार का चंद्रचूड़ टॉपर >>>>>>>>> टीएमसी ने कुणाल घोष लिया एक्शन, महासचिव पद से हटाया
Dainik Vishwamitra

शुक्रवार १० मई २०२४

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनावों की मतगणना शुरू




नयी दिल्ली। पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा की विधानसभा चुनावों की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गयी। सभी मतदान केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किये जाने के साथ ही वहां सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है।
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में, मणिपुर में दो चरणों में तथा उत्तराखंड, गोवा और पंजाब में एक-एक चरण में मतदान संपन्न हुआ था।
उत्तर प्रदेश विधानसभा की 403 सीटों के लिये मतगणना का काम सुबह आठ बजे चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कुल 70 हजार सिविल पुलिसकर्मी तथा 245 कंपनी अर्द्धसैनिक बल और 69 कंपनी पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील मतगणना स्थलों पर वीडियोग्राफी करायी जा रही है और इस कार्यक्रम में व्यवधान डालने वालों से सख्ती से निपटा जाने का आदेश जारी किया गया है।
उत्तराखंड विधानसभा की 70 सीटों के लिए भी सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू की गयी। राज्य की पांचवीं विधानसभा के गठन के लिये गत 14 फरवरी को मतदान हुआ था, राज्य में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद कुल 632 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलना शुरू हो गया है। इस बार राज्य में कुल 81 लाख, 72 हजार, 173 मतदाताओं में से 65.37 फीसदी मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
राज्य के 632 प्रत्याशियों में से मात्र 70 भाग्यशाली उम्मीदवारों के नतीजे लगभग तीन घण्टे बाद सामने आ जाएंगे। इनमें निवर्तमान मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (पार्टी) प्रत्याशी पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष मदन कौशिक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित सभी मंत्रिमण्डल सदस्यों के अलावा, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व में मुख्यमंत्री रहे हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित अनेक पूर्व मंत्री और दर्जा प्राप्त मंत्री भी अपने भाग्य का फैसला सुनने को व्याकुल हैं। पहली बार आम आदमी पार्टी (आप) ने भी सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं, जिनमें उसके मुख्यमंत्री पद के दावेदार सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल और अन्य के भी भाग्य का फैसला हो जायेगा। इनके अलावा, कांग्रेस और भाजपा के विद्रोही और स्वतंत्र प्रत्याशियों की भी स्थिति साफ हो जायगी।
पंजाब विधानसभा की 117 सीटों पर मतों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू हुई। राज्य में 66 स्थानों पर गणना केन्द्र बनाये गये हैं। मतगणना केन्द्रों की कड़ी सुरक्षा के लिये त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है जिसके लिये सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स की 45 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा प्रदेश में करीब 7500 कर्मचारी गिनती के काम पर तैनात किये गये हैं। हर गिनती केन्द्र पर मीडिया की सहूलियत के लिये मीडिया सेंटर बनाये गये हैं।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा की 117 सीटों पर गत 20 फरवरी को मतदान हुआ। चुनाव मैदान में विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीयों समेत कुल 1,304 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने उतरे जिनमें 93 महिलाएं, दो उभयलिंगी और शेष 1,209 पुरुष हैं।
गोवा विधानसभा की 40 सीटों के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के 301 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। राज्य में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। सभी मतदान केन्द्रों में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गयी है और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।
मणिपुर विधानसभा की 60 सीटों पर हुए मतदान के लिए आज सुबह आठ बजे मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई।


भारत