उत्तराखंड : जंगलों में रुक नहीं रहा आग का तांडव, वन विभाग ने बुझाने में लगाई ताकत >>>>>>>>> राज्यपाल ने राजभवन परिसर में पुलिस के प्रवेश पर लगाई रोक, वित्त मंत्री चंद्रिमा पर भी लगा 'प्रतिबंध' >>>>>>>>> माध्यमिक परीक्षा में जिलों ने मारी बाजी, कूचबिहार का चंद्रचूड़ टॉपर >>>>>>>>> टीएमसी ने कुणाल घोष लिया एक्शन, महासचिव पद से हटाया
Dainik Vishwamitra

शनिवार ११ मई २०२४

चैम्पियन मुंबई सिटी ने कड़े मुकाबले में जमशेदपुर को 4-2 से हराया




फटोर्डा। मौजूदा चैम्पियन मुंबई सिटी ने गुरुवार को फतोर्डा स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 के लीग मुकाबले में जमशेदपुर एफसी 4-2 से हरा दिया। नए कोच डेस बकिंघम की देखरेख में उतरी मुंबई सिटी अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। मुंबई पांच मैचों में चार जीत से 12 अंक बना चुकी है। वहीं, इस हार के बाद जमशेदपुर पांच मैचों से आठ अंक लेकर दूसरे स्थान पर बरकरार है।
मुंबई सिटी अपने घरेलू मैदान पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए इस मैच के पहले हाफ पूरी तरह से हावी रही लेकिन दूसरे हाफ में जमशेदपुर के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया और चैम्पियनों को संघर्ष करने पर मजबूर किया।
कैसिओ गैब्रियल के गोल से मुंबई सिटी ने तीसरे मिनट में शुरुआती बढ़त बना ली। मुंबई को कॉर्नर किक मिली थी, जिसमें अहमद जाहौह ने बाएं तरफ से कॉर्नर किक पर बॉक्स के बाहर खड़े गैब्रियल को गेंद दी और ब्राजीली अटैकिंग मिडफील्डर ने लूप बनाती हुई एक किक लगाई। गेंद जमशेदपुर की डिफेंस के ऊपर से होते हुए आगे निकल गई और बॉक्स के अंदर उनके साथी इगोर एंगुलो हैडर से गेंद की दिशा बदलने में नाकाम रहते हैं लेकिन गेंद जमशेदपुर के गोलकीपर टीपी रेहेनेश के आगे टिप्पा खाकर गोलपोस्ट में चली गई। इस तरह मुंबई सिटी 1-0 से आगे हो गई।
17वें मिनट में मुंबई की बढ़त दोगुनी हो गई है। बिपिन सिंह के गोल से स्कोर 2-0 हो गया। यह गोल एक जवाबी हमले में जमशेदपुर के ब्राजीली डिफेंडर एली साबिया की राइट फ्लैंक पर गलती के कारण हुआ। एली की गलती का फायदा उठाते हुए उनके ब्राजीली हमवतन कैसिओ ने बॉक्स के अंदर गोललाइन के बगल से बिपिन के लिए एक आसान मौका बनाया, जिस पर बिपिन ने गेंद को गोलपोस्ट के अंदर डालने में कोई गलती नहीं की। 24वें मिनट में पिछले सीजन के गोल्डन बूट रहे एंगुलो ने इस सत्र का अपना पांचवां गोल करके मुंबई को 3-0 से आगे कर दिया। दाहिने फ्लैंक से कैसिओ ने बॉक्स के अंदर गेंद एंगुलो को दे दी और एंगुलो ने अपने लिए जगह बनाए हुए लेफ्ट फुटर लॉब लगाकर गोल कर डाला। स्पेनिश स्ट्राइकर इगोर एंगुलो ने आज भी अपनी शानदार फॉर्म को जारी ऱखा। मुंबई के शुरुआती तीनों गोलों में उनकी भूमिका रही। एक गोल उन्होंने खुद दागा, जबकि शेष दो में गेंद बनाकर दी।
दूसरे हाफ में जमशेदपुर कुछ बेहतर खेलती नजर आई। लिहाजा उसका पहला गोल 48वें मिनट में कोमाल थोटाल ने किया। राइट फ्लैंक की तरफ से बने एक काउंटर अटैक पर ग्रेग स्टीवर्ट तेजी से गेंद लेकर दौड़े और उन्होंने बाएं छोर से तेजी से रन लगा रहे कोमल की ओर पास किया। कोमल गेंद लेकर बॉक्स के अंदर घुसे और शानदार किक लगाकर स्कोर 1-3 कर दिया। 55वें मिनट जमशेदपुर ने 2-3 से अंतर और कम किया। यह गोल एली साबिया ने दागा। दाहिने फ्लैंक से रेनथली के प्रयास को मुंबई के गोलकीपर मोहम्मद नवाज ने विफल कर दिया और फिर रिबाउंड पर ईशान पंडिता का शॉट पोस्ट से टकरा कर साबिया के पास गया और इस ब्राजीली डिफेंडर ने हैडर से गोल कर दिया।
70वें मिनट में ब्राजीली फॉरवर्ड यगोर कैटाटाउ के गोल से मुंबई सिटी 4-2 से आगे कर दिया। इगोर की जगह मैदान पर उतरे स्थापन्न खिलाड़ी कैटाटउ ने डिफेंस से लंबा पास मिलने के बाद एक मुश्किल कोण से गोल कर डाला।


फ़ुटबॉल